पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा कांग्रेस के अंदरूनी माहौल पर दिए गए बयान के बाद राजस्थान की सियासत में अचानक गरमाहट आ गई है। इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए चितौड़गढ़ के सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने एक बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश कांग्रेस के भीतर एक बहुत बड़ी टूट होना बिल्कुल तय है।
सांसद सीपी जोशी का मानना है कि कांग्रेस अब केवल दो गुटों तक सीमित नहीं रही, बल्कि कई अलग-अलग खेमों में बंट चुकी है। हालांकि उन्होंने इसे कांग्रेस का अंदरूनी मामला बताया, लेकिन साथ ही यह भी जोड़ा कि अब खुद कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को आभास होने लगा है कि पूरे देश से पार्टी का अस्तित्व समाप्त हो रहा है। उन्होंने रेखांकित किया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का यह बयान ठीक उस समय आया है, जब प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को हटाकर सचिन पायलट को पीसीसी चीफ बनाने की सुगबुगाहट चल रही है। यह पूरी बयानबाजी इसी अंदरूनी खींचतान का सीधा नतीजा है। कांग्रेस पर चौतरफा हमला बोलते हुए सांसद जोशी ने कहा कि इस पार्टी के पास न तो कोई स्पष्ट नीति है, न देश के विकास की नियत और न ही कोई मजबूत नेतृत्व बचा है। यही वजह है कि देश की जनता का भरोसा अब कांग्रेस से पूरी तरह उठ चुका है। उन्होंने कांग्रेस को तुष्टिकरण का चेहरा करार दिया।
उनके अनुसार, कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण, धारा 370 की समाप्ति, तीन तलाक पर रोक, वन नेशन वन इलेक्शन और महिला आरक्षण जैसे हर राष्ट्रहित के बड़े फैसलों का हमेशा विरोध किया है, जिसे जनता ने बहुत करीब से देखा है।
सांसद सीपी जोशी ने स्पष्ट किया कि अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच का यह द्वंद्व कोई नया नहीं है। यह लड़ाई काफी पुरानी है और वर्तमान स्थिति तो बस एक शुरुआत है। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में कांग्रेस पार्टी हमेशा के लिए रसातल में जाने वाली है और आने वाले दिनों में प्रदेश की जनता को इसके बड़े और निर्णायक राजनीतिक परिणाम देखने को मिलेंगे
।
Continue With Google
Comments (0)