बांसवाड़ा जिले की सज्जनगढ़ थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध देशी टोपीदार बंदूकें जब्त की हैं। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह एवं पुलिस उपाधीक्षक महिपाल सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी धनपत सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई गांव पंडवाल उंकार में की गई। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दो अवैध देशी टोपीदार बंदूकें बरामद कीं। कार्रवाई के दौरान जोरहिंग पुत्र समसु चरपोटा निवासी पंडवाल उंकार को गिरफ्तार किया गया, जबकि चेतन पुत्र जोरहिंग गरासिया मौके से फरार हो गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत दो प्रकरण दर्ज किए गए हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस कार्रवाई में सज्जनगढ़ थाना पुलिस की विशेष टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।