संयुक्त राज्य अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के ऐतिहासिक अवसर पर कैपिटल हिल स्थित रेबर्न हाउस ऑफिस बिल्डिंग में विश्व शांति के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस खास दिन अमेरिकी संसद में वोटिंग का कोई सत्र नहीं होने के बावजूद, अमेरिकी कांग्रेस के कई वरिष्ठ सदस्यों ने इसमें विशेष रूप से भाग लिया। इन शीर्ष राजनेताओं ने 'अहिंसा विश्व भारती फाउंडेशन' के संस्थापक और वैश्विक शांति दूत एच.एच. आचार्य लोकेश मुनि के नेतृत्व में चलाए जा रहे "युद्ध-मुक्त दुनिया" अभियान को अपना आधिकारिक और पूर्ण समर्थन दिया।
इस वैश्विक शांति आंदोलन की सराहना करने के लिए अमेरिकी कांग्रेस सदस्य ब्रैड शर्मन, राजा कृष्णमूर्ति, श्री थानेदार, सुहास सुब्रमण्यम और पूर्व कांग्रेस सदस्य जो क्रॉली एक मंच पर नजर आए। कार्यक्रम के दौरान एक गौरवशाली क्षण तब आया जब कांग्रेस सदस्य ब्रैड शर्मन द्वारा कुवैत में रहने वाले और राजस्थान के डूंगरपुर जिले के गलियाकोट के मूल निवासी, स्वर्ण व्यवसाय के प्रमुख कारोबारी मलीका व ताहिर अली लुलावाला तथा मुनीरा व मुर्तजा शाकिर को उनके विशेष योगदान के लिए आधिकारिक प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के आयोजन की कमान प्रसिद्ध होटल व्यवसायी और कैलिफोर्निया के पूर्व जल आयुक्त अशोक भट्ट ने संभाली, जबकि पूरे मंच का कुशल संचालन प्रमाणित योग प्रशिक्षिका निधि पांड्या द्वारा किया गया। फाउंडेशन के अहिंसा के सिद्धांतों का सम्मान करते हुए समारोह में नितिन व्यास की देखरेख में पूरी तरह से पौधों पर आधारित (Plant-based) शुद्ध शाकाहारी व्यंजन परोसे गए। इसके साथ ही बलविंदर सिंह और नितिन व्यास के कुशल नेतृत्व में 'योग फेडरेशन USA' और उसके न्यू जर्सी चैप्टर ने भी इस शांति अभियान को अपना औपचारिक समर्थन दिया।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय और सामुदायिक दिग्गजों ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें 'अहिंसा विश्व भारती फाउंडेशन USA' के चेयरमैन अनिल मोंगिया, प्रेसिडेंट करमजीत धारीवाल, मोगुल कैटरर के हरीश अरोड़ा और पीयूष पटेल विशेष रूप से शामिल थे। सभी उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने एक सुर में स्वीकार किया कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में आचार्य लोकेश मुनि जी की यह मुहिम अंतरराष्ट्रीय सहयोग, कल्याण और वैश्विक सद्भाव को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
Continue With Google
Comments (0)