गुजरात के वडोदरा शहर में आज तड़के एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। कोटंबी स्टेडियम के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से बालाजी ट्रेवल्स की लग्जरी बस की भीषण भिड़ंत हो गई। यह निजी बस राजस्थान के बांसवाड़ा से यात्रियों को लेकर गुजरात के सूरत की ओर जा रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में एक 9 वर्षीय बच्चे और दो महिलाओं सहित सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं। एनडीआरएफ की छठी बटालियन के कमांडेंट सुरेंद्र सिंह ने बताया कि नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलते ही टीम आधुनिक उपकरणों और कटर के साथ घटनास्थल पर पहुंची। राहत दल ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे 24 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विनोद नरेश डामोर (30), मुकेश जीवाजी डिंडोर (34), प्रीत हितेश भाटिया (9), महेंद्र कुमार भोगीलाल पंड्या (68), पिंकी भाटिया (36), और हरजिंगभाई वलजीभाई कटारा (30) के रूप में हुई है, जबकि एक मृतक पुरुष की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
वडोदरा के उप महापौर आदित्य पटेल ने अस्पताल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को तुरंत वडोदरा के एसएसजी अस्पताल के आपातकालीन ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम उनका गहन उपचार कर रही है। घायलों में से एक मरीज की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। मामूली चोटिल यात्रियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। प्रशासन ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात को सुचारू कर दिया गया है।
Continue With Google
Comments (0)