बांसवाड़ा जिला कलेक्टर डॉ. इन्द्रजीत यादव ने बुधवार को छोटी सरवन पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत जांहनपुरा, कुंडल, मकनपुरा, छायनबड़ी एवं घोड़ी तेजपुर का दौरा कर पेयजल व्यवस्था सहित विभिन्न स्थानीय मुद्दों की जमीनी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और पेयजल आपूर्ति की स्थिति का फीडबैक लिया।
कलेक्टर ने हैण्डपंपों, टैंकरों से जलापूर्ति, जल स्रोतों की स्थिति तथा गर्मी के मौसम में पेयजल उपलब्धता की जानकारी ग्रामीणों से प्राप्त की। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था संतोषजनक है। हालांकि कुछ स्थानों पर भूजल स्तर नीचे जाने से हैण्डपंप प्रभावित हुए हैं, जहां टैंकरों के माध्यम से नियमित जलापूर्ति की जा रही है। ग्रामीणों ने खराब हैण्डपंपों की समय पर मरम्मत एवं विभागीय कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में पेयजल व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। जहां भी हैण्डपंप, नलकूप या अन्य जल स्रोतों में कोई समस्या उत्पन्न हो, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने टैंकरों से जलापूर्ति वाले क्षेत्रों में नियमित, पर्याप्त एवं समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि किसी भी गांव में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।
दौरे के दौरान ग्रामीणों से आजीविका संवर्धन एवं स्वरोजगार के अवसरों पर भी चर्चा की गई। मुरगीपालन, बकरीपालन, उद्यानिकी एवं अन्य स्थानीय रोजगार आधारित गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इच्छुक ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं वित्तीय सहायता से जोड़कर स्थायी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
इस अवसर पर एसीईओ कैलाश बारोलिया, तहसीलदार, विकास अधिकारी, जलदाय विभाग के अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)